देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर खाई में गिरी बोलेरो कार का रेस्क्यू करती उत्तराखंड पुलिस और SDRF की टीमUttarakhand News: देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो 5 लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Uttarakhand News: देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो 5 लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह पौड़ी गढ़वाल जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल और कुंडाधार के समीप एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

सुबह 11:30 बजे हुआ हादसा, हरिद्वार के रहने वाले थे मृतक

पौड़ी गढ़वाल के पुलिस अधीक्षक (SP) सर्वेश पंवार के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आपातकालीन सेवा ‘112’ के माध्यम से पुलिस को वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। घटना के समय बोलेरो वाहन में कुल 6 लोग सवार थे, जो देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रहे थे। सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर अंतर्गत रायपुर जीतपुर के निवासी थे और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। मृतकों की पहचान अफजल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष), सब्बू पत्नी अफजल (40 वर्ष), अनामिया पुत्री अफजल (40वर्ष), गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष), शादाब पुत्र अफजल (14 वर्ष) के रूप में हुई है।

SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन, बच्चा अस्पताल में भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से गहरी खाई में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खाई गहरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में जीवित बचे इकलौते बच्चे अरमान (पुत्र अफजल) को गंभीर हालत में खाई से निकालकर तुरंत श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है।


मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, दिए निर्देश

इस दर्दनाक हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को हादसे के घायलों के त्वरित और समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो गंभीर रूप से घायल मरीज को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

You missed