डॉ. विनोद बछेती से मिला उत्तराखंड मीडिया संगठन का प्रतिनिधिमंडल, दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष बनने पर दी बधाई

नई दिल्ली: उत्तराखंड मीडिया संगठन (दिल्ली) के एक प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के अध्यक्ष जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’ के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती से उनके न्यू अशोक नगर कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उत्तराखंड से जुड़े सामाजिक और मीडिया मुद्दों पर चर्चा

सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और मीडिया संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि डॉ. बछेती अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करते हुए दिल्ली में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।

डॉ बछेती ने कहा “मीडिया समाज की आवाज है, सकारात्मक पत्रकारिता को मिले प्रोत्साहन”

इस अवसर पर डॉ. विनोद बछेती ने कहा कि उत्तराखंड समाज ने दिल्ली के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। समाज की अपेक्षाओं और सरोकारों को मजबूती से सामने लाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और व्यवस्था के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और तथ्यपरक दृष्टिकोण के साथ सामने लाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सकारात्मक पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

डॉ. बछेती ने कहा कि दिल्ली में उत्तराखंड मूल के बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। अपनी मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक मूल्यों के चलते उन्होंने राजधानी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उत्तराखंड समाज से जुड़े रचनात्मक कार्यों, सामाजिक गतिविधियों और जनहित के विषयों को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर सकारात्मक सहयोग और संवाद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मीडिया समाज की आवाज है और पत्रकारिता का उद्देश्य जनसरोकारों को प्रमुखता से सामने लाना होना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड से जुड़े सामाजिक एवं जनहित के विषयों को सकारात्मक तरीके से उठाने के लिए आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उत्तराखंड मीडिया संगठन के अध्यक्ष जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’, महासचिव राजेश डंडरियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश रावत, कोषाध्यक्ष डीएस नेगी, प्रचार सचिव द्वारिका प्रसाद चमोली, राजू बोहरा, अमित सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सभी पदाधिकारियों ने डॉ. विनोद बछेती के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए समाजहित और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर मिलकर सकारात्मक कार्य करने का संकल्प दोहराया।