थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतने के बाद बॉडी बिल्डर पंकज बिष्ट का छतरपुर में भव्य स्वागतथाईलैंड : उत्तराखंड के पंकज बिष्ट ने बॉडी बिल्डिंग में जीता गोल्ड मेडल, छतरपुर में भव्य स्वागत

नई दिल्ली : उत्तराखंड के लाल पंकज बिष्ट ने अपनी काबिलियत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाते हुए थाईलैंड में आयोजित 58वीं एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 22 से 28 सितंबर तक बैंकॉक सिटी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पंकज ने 70 किलोग्राम मेंस बॉडी बिल्डिंग कैटेगरी में यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता पर इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन ने भी उन्हें विशेष बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दिल्ली आते ही उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत

स्वर्ण पदक जीतकर जैसे ही पंकज बिष्ट देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे, उनका भव्य स्वागत किया गया। छतरपुर की अंबेडकर कॉलोनी, जहां पंकज का परिवार रहता है, वहां खुशी की लहर दौड़ गई। दिल्ली में रह रहे हजारों उत्तराखंड प्रवासी समाज और स्थानीय निवासियों ने छतरपुर मंदिर पहुंचने पर उनका पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया।

पंकज बिष्ट ने सबसे पहले प्रसिद्ध छतरपुर मंदिर में मां कात्यायनी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनके समर्थकों, प्रधान बलवीर सिंह बर्थवाल और पूरी टीम व परिवार के लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-झूमते हुए उन्हें अंबेडकर कॉलोनी के रावत चौक तक पहुंचाया। पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से आसमान गूंज उठा। पंकज का काफिला जहां-जहां से भी गुजरा, लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। देखते ही देखते यह स्वागत समारोह एक विशाल जनसैलाब में तब्दील हो गया।

कड़ी मेहनत और गुरुओं के आशीर्वाद से चूमी सफलता

मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले पंकज बिष्ट का रुझान बचपन से ही खेलों के प्रति था। उन्होंने बेहद कड़ी मेहनत के साथ वेटलिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग की शुरुआत की। गुरुओं के मार्गदर्शन और परिवार के अटूट सहयोग से आज उन्होंने भारत के लिए सोना जीतकर यह साबित कर दिया है कि सच्ची मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती।

इस ऐतिहासिक जीत पर क्षेत्र के निगम पार्षद सहित कई गणमान्य लोग पंकज को बधाई देने पहुंचे और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवाओं की आंखों में अपने क्षेत्र के बेटे की इस कामयाबी को देखकर खुशी के आंसू और गर्व साफ झलक रहा था।

युवाओं के लिए पंकज का प्रेरणादायी संदेश

अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर युवाओं को प्रेरित करते हुए पंकज बिष्ट ने कहा— “सभी युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए और अपना भविष्य उज्जवल बनाना चाहिए। रास्ते में कठिनाइयाँ जरूर आएंगी, लेकिन उनसे डरना नहीं है। एक न एक दिन आपकी मेहनत रंग लाएगी और आप देश के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम भी रोशन करेंगे।”

इस अभूतपूर्व गौरव के लिए पूरा देश और उत्तराखंड समाज पंकज बिष्ट को बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहा है। दिव्य पहाड़ की ओर से भी पंकज बिष्ट को इस स्वर्णिम सफलता पर ढेरों बधाई और शुभकामनाएं! हम उम्मीद करते हैं कि पंकज आगे भी इसी तरह वैश्विक मंचों पर तिरंगा लहराते रहेंगे।