Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गोपेश्वर : नंदप्रयाग में अगस्त महीने में भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ हाईवे भारी मलबे की जद में आ गया था। प्रशासन के लगातार प्रयास के बाद भी मलबे को अभी तक भी पूरी तरह से हटाया नहीं जा सका है। जिसकी वजह से स्थानीय प्रशासन पिछले चार महीने से वन-वे यातायात की अस्थायी व्यवस्था से काम चला रहा है। लेकिन इस व्यवस्था से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को प्रतिदिन भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों के भारी दवाब को देखते हुए एनएचआईडीसीएल ने जिला प्रशासन से नंदप्रयाग में हाईवे से मलबा हटाने को लेकर 17 दिसंबर 24 से 6 जनवरी 25 तक 21 दिनों का समय और मार्ग को डायवर्ड करने की अनुमति मांगी है।
चमोली जिला मजिस्ट्रेट ने नंदप्रयाग स्लाइड जोन से मलबा हटाने के लिए 18 दिसंबर से 07 जनवरी 2025 तक यातायात डायवर्ट करने की अनुमति प्रदान करते हुए यातायात को नंदप्रयाग-कोठियासैंण-चमोली मोटर मार्ग से सुव्यस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश जारी किए है। साथ ही जिलाधिकारी ने नंदप्रयाग स्लाइड जोन पर खतरे की जद में आ चुके विद्युत हाईटेंशन लाइन के टावर के उपचार हेतु भी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है।
जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस अधीक्षक और एसडीएम चमोली को नंदप्रयाग-कोठियासैंण-चमोली मोटर मार्ग से यातायात को सुव्यवस्थित संचालन कराने हेतु समुचित व्यवस्थाएं करने को कहा है।
