गढ़वाल हितैषिणी सभा दिल्ली




नई दिल्ली : दिल्ली एनसीआर में उत्तराखंड प्रवासियों की सबसे पुरानी संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा इस वर्ष अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के उपलक्ष्य में सभा दिल्ली में 29 अक्टूबर को उत्तराखंडी परिधान, आभूषण व खानपान की प्रतियोगिता एवं 25 नवंबर 2023 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम करने जा रही है। कार्यक्रम की रूपरेखा और सहयोग के लिए गढ़वाल हितैषिणी सभा ने शुक्रवार 13 अक्टूबर को गढ़वाल भवन वीर चंद्र सिंह चौक, पंचकुइया रोड में दिल्ली एनसीआर की समस्त संस्थाओं के साथ एक बैठक व रात्रि भोज का आयोजन किया। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में लगभग दोसौ से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।  गढ़वाल हितैषिणी सभा के अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट और महासचिव नेगी जी ने सभी का अभिवादन व स्वागत किया। सभी संस्थाओं के वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि बेशक हम अलग अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं किन्तु हमें संगठित होकर अपनी सबसे पुरानी संस्था के साथ मिलकर इस शताब्दी दिवस को भव्य और विशाल बनाना है इसके लिए हम तन, मन और धन से सभा का पूर्ण सहयोग करेंगे। 




सभा के अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट ने उपस्थित संस्थाओं  के प्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि गढ़वाल हितैषिणी सभा ने अपने 100 वर्षों के कार्यकाल में समाज हित के कई महत्वपूर्ण कार्य किये और समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सबके सुख दुःख में शामिल रही है। सभा सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपने समाज के लोगों को खासकर युवाओं को आगे लाने के लिए अनेकों कार्यक्रम करने जा रही है इसके लिए हम सबको संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। आप सभी इतनी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे और सभा को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया इसके लिए हमारी पूरी कार्यकारिणी के सदस्य आपके आभारी हैं। 

बता दें कि अपने शताब्दी वर्ष पर गढ़वाल हितैषिणी सभा 29 अक्टूबर 2023 को उत्तराखंडी परिधान, आभूषण एवं व्यंजन प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम करेगी वहीं 1 नवंबर से 24 नवंबर तक उत्तराखंडी फिल्मों का आयोजन किया जाएगा  तत्पश्चात  25 नवंबर को दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में एक भव्य व विशाल कार्यक्रम किया जायेगा जिसमें सभा अपने 100 साल पूर्ण होने के उपलक्ष में एक बड़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाने के साथ ही वरिष्ठ नागरिक एवं सौभाग्यवती सम्मान प्रदान किये जायेंगे तथा उत्तराखंडी लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।