Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चमोली खबर : एसडीएम के औचक निरीक्षण में कर्णप्रयाग अंग्रेजी शराब की दुकान पर मिला ओवर रेटिंग का मामला, होगी कार्रवाई

कर्णप्रयाग: सोमवार को एसडीएम ने अपने क्षेत्र के गौचर, कर्णप्रयाग और सिमली की अंग्रेजी शराब की दुकानों में औचक निरीक्षण कर सनसनी फैला दी। उनके निरीक्षण के दौरान कर्ण प्रयाग अंग्रेजी की दुकान में ओवर रेटिंग का मामला सामने आया। 

जानकारी के अनुसार जनपद चमोली जिलाधिकारी संदीप तिवारी को जनपद में शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग और कई क्षेत्रों में शराब तस्करी की शिकायत मिली थी । इसके चलते उन्होंने ओवर रेटिंग और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों पर कर्णप्रयाग एसडीएम ने सोमवार को कर्णप्रयाग, सिमली और गौचर में अंग्रेजी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कर्णप्रयाग अंग्रेजी शराब की दुकान से एक मैकडोवेल व्हिस्की की बोतल ली, जिस पर रिटेल मूल्य 660 रुपए अंकित था लेकिन इसके एवज में सेल्समैन ने उनसे 700 रुपये लिए। यहां पर 40 रुपये की ओवर रेटिंग में एक बोतल शराब बेची जा रही थी। इसके अलावा दुकान में सीसीटीवी तो लगे थे लेकिन मॉनिटर उपलब्ध नहीं था। यही नहीं कैश मेमो तो उपलब्ध होने पर भी रसीद नहीं दी गई । शराब की दुकान पर रेट लिस्ट लगी थी, जिसमें शराब के रेट अंकित पाए गए। 

वहीं सिमली और गौचर में भी अंग्रेजी शराब की दुकानों पर औचक निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी नही पाई गई। खरीददारों से पूछे जाने पर भी ओवर रेट का मामला नही मिला। एसडीएम एसके पाण्डेय ने निरीक्षण आख्या आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेज दी है।