Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
COVID ALERT IN UTTARAKHAND : केरल में कोरोना का नया वेरिएंट जेएन-1 का मामला मिलना देश और दुनिया के लिए चिंता का सबब बन गया है। इसको लेकर उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए कोरोना के नए वेरिएंट जेएन-1 से बचाव व रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी अलर्ट के मुताबिक प्रदेश के अस्पतालों में आने वाले श्वास, फेफड़ों व हृदय रोगियों की सघन निगरानी की जाएगी। हालांकि विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड में कोरोना के नए वेरिएंट का अभी कोई मामला सामने नहीं आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के नए स्वरूप को लेकर सभी राज्यों को अलर्ट जारी किया था। जिसके बाद राज्य के स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि कोरोना की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किये जाएं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इन्फ्लूएंजा, साँस, फेफड़े और ह्रदय रोगियों की निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि इन रोगियों की कोविड-19 एवं इन्फ्लुएंजा जांच की जाएं। ऐसे सभी रोगियों की जानकारी अनिवार्य रूप से आइडीएसपी के अंतर्गत इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफॉर्मेशन प्लेटफार्म (आइएचआइपी) पोर्टल में दर्ज किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इन्फ्लूएंजा और तीव्र श्वसन संक्रमण होने पर चिकित्सक से परामर्श करें और कोई भी दवा बिना चिकित्सक को पूछे न लें।
