पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल की ग्राम सभा थैर में इस वर्ष होली का पावन पर्व एक ऐतिहासिक पहल के साथ मनाया जा रहा है। पहली बार गांव की सम्मानित मातृशक्ति के नेतृत्व एवं संचालन में होली महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का प्रयास है, बल्कि नारी सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी प्रेरक उदाहरण है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवसर पर ग्रामवासी जयेंद्र नेगी, जो उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति (पंजी), रामपार्क विस्तार, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के अध्यक्ष भी हैं, ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल गांव की जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति सदैव से परंपराओं की धरोहर रही है, और उनके नेतृत्व में आयोजित यह होली निश्चित ही प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश देगी।
मातृशक्ति द्वारा पारंपरिक लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सामूहिक सहभागिता के माध्यम से इस आयोजन को गरिमामय रूप दिया जाएगा। ग्रामवासियों में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है और सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
सभी ग्रामवासियों से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रथम आयोजन को सफल बनाएं तथा ग्राम सभा थैर की एकता और सांस्कृतिक गरिमा को और सुदृढ़ करें।
