Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गोपेश्वर : बद्रीनाथ हाईवे पर बिरही कस्बे के पास देर रात्रि करीब दो बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई की ओर लटक गई और वाहन चालक खाई में जा गिरा। अँधेरा अधिक होने से चालक का कोई पता नहीं चला है। स्थानीय लोगों ने रात को ही घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ व एनडीआरएफ को दे दी, मौके पर चमोली थाने से पहुँची पुलिस और एसडीआरएफ़ के जवानों द्वारा खाई में सर्च अभियान जारी हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि शुक्रवार को देर रात करीब दो बजे महाराष्ट्र निवासी पति पत्नी अनूप और तृप्ति अपनी स्विफ्ट डिज़ायर कार से बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, बिरही चाड़े के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क से खाई की ओर लटक गई। इसी बीच चालक की तरफ़ वाला दरवाजा खुलने से अनूप अलकनंदा नदी में जा गिरा। अनूप की पत्नी तृप्ति गाड़ी में ही सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर चमोली कोतवाली से पुलिस व एसडीआरएफ़ की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अनूप की पत्नी तृप्ति को गाड़ी से बाहर निकाला गया जबकि अनूप का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया हैं। सुबह ग्यारह बजे तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा अनूप की ढूंढखोज के लिए रेस्क्यू अभियान जारी था।
