मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून से पूर्व अधिकारीयों के साथ की समीक्षा बैठक





देहरादून :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मानसून से पूर्व सभी तैयारियों के विषय में जानकारी ली। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को आगामी मानसून से पूर्व आपदा प्रबंधन व अन्य कार्यों को अलर्ट मोड पर रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य निश्चित समयावधि के दौरान पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा के दृष्टिगत अल्मोड़ा जिला बेहद संवेदनशील है, ऐसे में वहां पर मानसून सीजन के दौरान विशेष रूप से SDRF टीम की तैनाती की जाए। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण मानसून सीजन हमारे लिए एक चुनौती की तरह है। अतिवृष्टि और आपदा से निपटने के लिए तय समय के अंदर ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। पिछले वर्ष जिन जिन स्थानों पर अधिक आपदा आई थी, उन स्थानों को चिन्हित कर वहां आपदा से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही 15 जून से पहले नालियों, सिंचाई गूलों और नहरों की सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम और पालिका क्षेत्रों में भी यदि कहीं जलभराव से संबंधित कार्य किए जाने हैं तो उन्हें भी तय समय पर पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने कहा आपदा और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और बंद सड़कों को खोलने के लिए जगह-जगह जेसीबी की तैनाती की जाए। समस्त जिलाधिकारी सुनिश्चित करें कि आपदा मद के अंतर्गत होने वाले कार्यों के लिए जल्द से जल्द धनराशि अवमुक्त की जाए।  

पहाड़ी क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को एयर लिफ्ट करने की व्यवस्था की जाए। जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी स्वास्थ्य विभाग को समय-समय पर दवाइयों के छिड़काव और मानकों का पालन करवाने के निर्देश दिए।