हरिद्वार : 
कनखल में नशे में धुत युवकों की तेज रफ़्तार गाडी ने एक खड़ी कार में टक्कर मार दी। कार मालिक के विरोध करने पर युवकों ने अपनी कार उनपर चढ़ा दी वो व्यक्ति बोनट पर लटक गए। ऐसे में कई किलोमीटर तक युवक कार दौड़ाते रहे और बोनट पर लटके व्यक्ति की सांसें अटकी रही। बोनट पर लटके व्यक्ति की पत्नी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना फ्लैश होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दिल्ली हाईवे से सटी द्वारिका विहार कालोनी निवासी अरविंद कुमार की कार उनके घर के बाहर खड़ी थी। अचानक से उन्हें एक तेज आवाज सुनाई दी जिसे सुनकर वो बाहर आए तो देखा कि उनकी कार को एक दूसरी कार ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वे तुरंत  दौड़कर दूसरी कार के पास पहुंचे और टक्कर मारने वाले युवकों से इसका विरोध करने लगे। कार में सवार नशे में धुत युवक उन्हें गाली गलौच देने लगे इसी बीच कार चला रहे युवक ने अचानक से कार चला दी। अरविंद कुमार ने बचने के लिए कार का  बोनट पकड़ लिया ये देख कार चालक ने कार की रफ्तार और तेज कर दी और वोनट पर लटके अरविंद को लेकर कई कोलोमीटर आगे हाईवे पर पहुंच गए। 

इधर उनकी इस हरकत की शिकायत अरविंद की पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और ये सूचना और कर का नंबर फ़्लैश कर दिया। 




सप्तऋषि चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मनिंदर ने कार रोकने का प्रयास किया तो नशे में धुत कार चालक ने कार की स्पीड कम की, जिस पर अरविंद कुमार ने तुरंत उतरकर अपनी जान बचाई।  उनके उतरते ही युवक कार लेकर तेजी से फरार हो गए।

कनखल के इंस्पेक्टर मुकेश चौहान ने बताया कि कार का रजिस्ट्रेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक जिले से हुआ है। कार नंबर के आधार पर आरोपितों की जानकारी जुटा रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *