पिथौरागढ़
: उत्तराखंड के शांत पर्वतीय क्षेत्रों से भी अब अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं जो चिंता का विषय है। आज एक दर्दनाक घटना सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में हुई है। यहां चाचा ने पुराने विवाद के चलते धारदार हथियार से अपने भतीजे की  हत्या कर दी।  इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कारवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस मामले में एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि कोतवाली जौलजीबी पुलिस को सूचना मिली थी कि चिफलतारा में देर रात हयात सिंह पुत्र अर्मा सिंह ने मामूली विवाद होने पर अपने भतीजे नारायण सिंह को दराती से हमला कर घायल कर दिया है।  मौके पर पहुंची पुलिस घायल नारायण सिंह को अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी चाचा हयात सिंह फरार हो गया था । 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक टीम का गठन किया जिसने हत्या के आरोपी चाचा हयात सिंह को कौली कन्याल पुल के पास से दराती के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी और मृतक एक ही परिवार से हैं और इनका पहले से कोई पुराना विवाद चल रहा है जिसको लेकर कल देर रात फिर से परिवार के बीच कहासुनी हुई जिसके बाद चाचा हयात सिंह ने आवेश में आकर अपने सगे भतीजे नारायण सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता मथुरा सिंह द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर उसे जेल भिजवा दिया है । पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए जांच में लगी है। पुलिस तहकीकात में प्रथम दृष्टया पाया गया है कि पारिवारिक विवाद चल रहा था जिसके चलते ही हत्या हुई है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *