AYUSHMAN YOJNA :
उत्तराखंड के आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी है। आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड पर प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों को अब जांच और दवाइयों के लिए भी कैशलेस सुविधा मिलेगी। इस व्यवस्था के शुरू होने से उन्हें बीमारियों की जांच और दवाइयों के लिए नकद भुगतान नहीं करना पड़ेगा। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग गोल्डन कार्ड में नई सुविधा के लिए एसओपी (मानक प्रचालन प्रक्रिया) तैयार कर रहा है। जल्द ही शासनादेश जारी कर इसे लागू किया जाएगा।

इस योजना के तहत अभी तक अस्पताल में भर्ती होने पर कैशलेस इलाज की सुविधा थी, जबकि ओपीडी में इलाज कराने पर कर्मचारियों व पेंशनरों को चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति की जाती है। अभी तक गोल्डन कार्ड पर जांच और दवाइयों के लिए कैशलेस सुविधा नहीं होने से कर्मचारियों व पेंशनरों को नकद भुगतान करना पड़ता है। बाद में उन्हें दवाइयों व जांच के बिलों की प्रतिपूर्ति की जाती थी। लेकिन अब गोल्डन कार्ड पर जांच और सभी दवाइयां भी कैशलेस मिलेंगी। जल्द ही इस सुविधा के लागू होने से लाखों कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा।




प्रदेश सरकार ने 2021 में आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य स्कीम में कर्मचारियों और पेंशनरों व उनके आश्रितों के लिए कैशलेश इलाज की सुविधा शुरू की थी जिसमें कर्मचारियों और पेंशनरों को इलाज खर्च की कोई सीमा नहीं है। इलाज पर जो भी खर्चा आएगा उसका भुगतान सरकार के तरफ से किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों और पेन्शरों से प्रतिमाह के हिसाब से अंशदान लिया जाता है। पर अब इस योजना में इलाज के साथ जांच और दवाइयां भी कैशलेश मिलेगी। 

इस योजना में मेडिकल स्टोरों को सूचीबद्ध किया जायेगा 

गोल्डन कार्ड धारक कर्मचारियों व पेंशनरों को कैशलेस पर जांच व दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल स्टोर और पैथोलॉजी लैब को योजना में सूचीबद्ध किया जाएगा। जहां पर कार्मिकों को डॉक्टर का पर्चा और गोल्डन कार्ड दिखा कर दवाइयां व जांच की सुविधा मिलेगी। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से मेडिकल स्टोर व पैथोलॉजी लैब को भुगतान किया जाएगा।

गोल्डन कार्ड पर कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए जांच और दवाइयां भी कैशलेस की जा रही है। इसके लिए एसओपी तैयार की जा रही है। जल्द ही शासनादेश जारी कर इस सुविधा को शुरू किया जाएगा। साफ्टवेयर को भी अपडेट किया जा चुका है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *