समान नागरिकता संहिता कानून

देहरादून : उत्तराखंड को बहुत जल्द समान नागरिक संहिता कानून मिलने वाला है इसके लिए बनाई गई समिति ने ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। ड्राफ्ट तैयार होने पर सीएम धामी ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा अपने नागरिकों से किए गए वादे के अनुरूप आज 30 जून को समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने हेतु बनाई गई समिति ने अपना कार्य पूरा  कर लिया है। जल्द ही देवभूमि उत्तराखण्ड में यह कानून लागू किया जाएगा।

वहीं दिल्ली में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ड्राफ्ट कमेटी की सदस्य जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना प्रसाद देसाई ने कहा कि मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि उत्तराखंड के लिए प्रस्तावित समान नागरिक संहिता का मसौदा अब पूरा हो गया है। ड्राफ्ट के साथ विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट जल्द ही मुद्रित की जाएगी और उत्तराखंड सरकार को सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि एक पखवाड़े के भीतर समिति सरकार को रिपोर्ट सौंप देगी।

बता दें की समान नागरिकता संहिता कानून का मसौदा तैयार करने के लिए मई 2022 में समिति का गठन हुआ था। गठन से लेकर अब तक समिति ढाई लाख से अधिक सुझाव ऑनलाइन और ऑफलाइन के माध्यम से प्राप्त कर चुकी है। प्रदेश के सभी 13 जिलों में हित धारकों के साथ सीधे संवाद भी कर चुकी है। इसके साथ ही नई दिल्ली में प्रवासी उत्तराखंडियों से भी इस विषय में चर्चा हो चुकी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *