बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अनसूया प्रसाद भट्ट का निधन

गोपेश्वर : जनपद चमोली के जाने-माने भाजपा नेता तथा श्री बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अनुसूया प्रसाद भट्ट (79) का आज दोपहर को आकस्मिक निधन हो गया। अपने पैतृक घर गोपेश्वर में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे । उनके निधन से चमोली जिले में शौक की लहर है। कल चमोली में अलकनंदा के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा ।

बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने भट्ट जी के  निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की तथा उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार सहित सभी मंदिर समिति के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों तथा सदस्यों सहित मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मुख्य वित्त अधिकारी आनंद सिंह, विशेष कार्याधिकारी रमेश सिंह रावत सहित मंदिर समिति के सभी अधिकारियों कर्मचारियों, तीर्थ पुरोहितों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।

श्री अनसूया भट्ट गोपेश्वर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भी रहे। चतुर्थ केदार रूद्रनाथ यात्रा के संचालन श्री गोपीनाथ मंदिर प्रबंधन में बतौर मुखिया उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। वे भारतीय जनता पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। भाजपा को जिला चमोली में स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। 

प्रदेश सरकार की ओर से श्री बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति में उपाध्यक्ष पद के बाद 2008 में वह बीकेटीसी के अध्यक्ष बने तथा चार वर्ष तक अध्यक्षीय दायित्व का निर्वहन किया।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में अध्यक्ष श्री अनसूया प्रसाद भट्ट के निधन से मंदिर समिति कर्मचारियों में शोक की लहर है । श्री अनसूया प्रसाद भट्ट ने मंदिर समिति अध्यक्ष रहते हुए अस्थायी कर्मचारियों के लिए शासन से पदो का सृजन करवाया। अधीनस्थ मंदिरों की व्यवस्थाओं तथा रख- रखाव तथा श्रीबद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *