पौड़ी : उत्तरकाशी के धराली में तबाही के मंजर के बाद पौड़ी में भूस्खलन से 2 महिलाओं की मौत, और 5  मजदूरों के बहने की सूचना से लोगों में दहशत

पौड़ी : उत्तराखंड में लगातार  हो रही बारिश कई स्थानों पर तबाही ले कर आ रही है। बारिश से पहाड़ियां दरकने और बादल फटने की घटनाएं बढ़ गई है। मंगलवार को उत्तरकाशी में आई भयंकर तबाही के बाद बुधवार को पौड़ी गढ़वाल के बुरासी गांव  और थलीसैंण के बांकुड़ा गांव में भारी भूस्खलन सूचना मिल रही है। 

जानकारी के मुताबिक बुधवार को बुरासी गांव में भूस्खलन से आए मलबे में दबने से दो महिलाओं बिमला देवी (पत्नी स्व. बलवंत सिंह भंडारी) और आशा देवी (पत्नी स्व. प्रेम सिंह नेगी) की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई है। साथ ही यहां कई मवेशियों की भी जान चली गई है। तेज बारिश के कारण गांव को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा गांव में 5  नेपाली मजदूरों के बहने की सूचना है जिनकी बचाव दल द्वारा तलाश की जा रही है। 


इसके अलावा पास के सैजी गांव में भी कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। जनकल्याण सामाजिक समिति ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और सहायता दी जाए। समिति ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, सुरक्षित स्थानों पर रहें।

पौड़ी डीएम ने बताया कि बुरांसी गांव में दो महिलाओं के मलबे में दबे होने की सूचना    मिली थी जिसमें से एक महिला का शव मिल चुका है जबकि दूसरी महिला की तलाश  की जा रही है। बांकुड़ा गांव में 5 नेपाली मजदूरों के बहने की सूचना है, उनकी तलाश जारी है। आपदा की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक विभागों के अधिकारियों तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *