
पौड़ी : सतपुली से एक दुःखद खबर सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने रेतपुर-भिताड़ा पुल से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक करवाई की। अपनी मौत से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साँझा कर थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।
पुलिस द्वारा बाइक सीज करने से था परेशान
जानकारी के अनुसार युवक को अपनी बाइक से बहुत लगाव था लेकिन किसी मामले में पुलिस ने उसकी बाइक को सीज कर दिया था। जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा। युवक के परिजनों का कहना है कि उनका बेटा बाइक सीज होने के बाद अपने को काफी अपमानित महसूस करने लगा था। यदि पुलिस का व्यवहार उसके प्रति ठीक रहता तो वो इतना कठोर कदम नहीं उठाता।
परिजनों के अनुसार उनका बेटा सुबह बिना बताए घर से निकला था। उसके इस तरह अचनाक घर से जाने पर हम परेशान हो गए और उसकी खोज खबर करने निकले तो पुल पर उसे लड़का पाया। मौके पर मिले सुसाइड नोट में युवक ने “पुलिस में इंसानियत नहीं है” लिखकर अपनी मौत के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान पंकज कुमार (20 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय प्रकाश चंद्र, निवासी ग्राम रेतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा घटना की होगी निष्पक्ष जांच
इस घटना से संबंधित युवक का विडिओ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही गई है। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन शुरू कर दी है।