
उत्तराखंड : रामनगर देहरादून के बीच दौड़ेगी रेल केंद्र सरकार से मिली मंजूरी
देहरादून : केंद्र सरकार ने रामनगर-देहरादून रेल सेवा के संचालन के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को भेजे पत्र में इसकी जानकारी दी है।
जनवरी माह में गढ़वाल सांसद बलूनी ने रेल मंत्री से मुलाकात कर रामनगर-देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने का अनुरोध किया था। सांसद बलूनी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार लगातार सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाती रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रामनगर-देहरादून रेल सेवा को मिली स्वीकृति से स्पष्ट होता है कि, प्रदेश में रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है और नई सेवाओं से लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।
इससे पहले प्रदेश को काठगोदाम-देहरादून, नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार से नई दिल्ली के बीच रेल सेवा एवं देहरादून से लखनऊ के लिए ‘वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं मिल चुकी हैं।
उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि रामनगर-देहरादून रेल सेवा के शुरू होने से स्थानीय यात्रियों को आवागमन में न केवल बड़ी राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।