उत्तराखंड : हेमकुंड यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस की तैयारियाँ तेज
चमोली : आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने हेतु आज पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा गोविन्दघाट में होटल स्वामियों, होमस्टे संचालकों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, टैक्सी यूनियन एवं स्थानीय लोगों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान उन्होने कहा कि यात्रा मार्ग पर सभी होटल एवं ढाबों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए तथा धूम्रपान एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी रोक लगाए जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में घोड़े एवं खच्चरों के पंजीकरण, मेडिकल परीक्षण एवं पशु क्रूरता पर रोक लगाने हेतु उन्होने स्पष्ट किया गया कि बीमार अथवा चोटिल घोड़ा-खच्चरों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पशुओं पर निर्धारित सीमा से अधिक भार न लादने, समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा यात्रा मार्ग पर उनके लिए पर्याप्त भोजन एवं पानी उपलब्ध रखने हेतु घोड़ा-खच्चर संचालकों को निर्देश दिए गए।पुलिस उपाधीक्षक द्वारा गोविन्दघाट-पुलना मार्ग पर टैक्सी एवं शटल सेवा का संचालन व्यवस्थित ढंग से करने, सीमित संख्या में वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने तथा पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त होटल, होमस्टे एवं धर्मशाला संचालकों को यात्रियों की आईडी अनिवार्य रूप से दर्ज करने एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु भी निर्देशित किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त एवं चौकी प्रभारी पाण्डुकेश्वर उपनिरीक्षक रूकम सिंह नेगी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
