नई दिल्ली : कुर्मांचल जन कल्याण एवं सांस्कृतिक समिति (रजि.), मयूर विहार फेज-3, दिल्ली, विगत दस वर्षों से प्रतिवर्ष प्रभु मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जी की लीला का भव्य आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी समिति द्वारा रामलीला का आयोजन A 2 DDA पार्क, मयूर विहार फेज 3 दिल्ली के किया जा रहा है।
रामलीला का मंचन सोमवार 22 सितम्बर 2025 से लेकर गुरुवार 2 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक किया जा रहा है।
उत्तराखंड की प्रसिद्ध कुमाऊनी शैली में मंझे हुए कुमाऊनी कलाकारों द्वारा राम की लीलाओं का मंचन किया जा रहा है। इस रामलीला की खूबी यह है कि सभी कलाकार अभिनय के साथ-साथ निर्देशन, संगीत और मंच संचालन स्वयं निभाते हैं, जिससे वे पात्र की वास्तविक भूमिका को जीवंत कर देते है। उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, बोली, भाषा व भाव-भंगिमा और संगीत को दर्शाती यह रामलीला दर्शकों के हृदय में विशेष स्थान बना चुकी है।
समिति के अध्यक्ष के अनुसार प्रभु श्रीराम की कृपा और समिति के निरंतर प्रयासों से यह आयोजन न केवल कुर्मांचल समाज की पहचान बन चुका है, बल्कि दिल्ली वासियों के लिए भी एक प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। अतः आपसे अनुरोध है कि सपरिवार पधारकर कुमाऊँनी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत उत्तराखंड की पारंपरिक रामलीला का दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।