पुष्कर सिंह धामी


नवनिर्वाचित विधायकों ने पुष्कर सिंह धामी पर जताया विश्वास 

धामी होंगे उत्तराखंड के 12 वें मुख्यमंत्री 

देहरादून : आज शाम उत्तराखंड के विधायक दल की बैठक शुरु होने के साथ ही मुख्यमंत्री नाम पर लगी सभी अटकलों पर विराम लग गया। भाजपा के सभी नवनियुक्त विधायकों ने सर्वसम्मति से पुष्कर सिंह धामी को अपना नेता चुन लिया इससे साफ हो गया कि उत्तराखंड के 12 वें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। पुष्कर सिंह धामी ने आज ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया और 23 मार्च को वो अपने मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। 

बता दें कि प्रदेश में भाजपा ने 70 सीटों में से 47 सीटों पर विजय प्राप्त की थी लेकिन पुष्कर सिंह धामी के खटीमा से हर जाने के कारण मुख्यमंत्री पद के लिए असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। भाजपा के केंद्रीय मंडल ने इस बार जल्दबाजी न दिखाते हुए सभी नेताओं के साथ कई दिनों  तक गंभीर मंत्रणा करने के बाद धामी के नाम पर सहमति जताई।  

मुख्यमंत्री पद के लिए कुछ दिनों से कई नाम चल रहे थे जिनमें धामी के अलावा धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, रितु खंडूरी के अलावा उत्तराखंड के तीन सांसदों अजय भट्ट,  डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व अनिल बलूनी मुख्य हैं। यहां तक कि परसों एक न्यूज़ ऐसी भी चल रही थी कि अनिल बलूनी के नाम पर सहमति बन  चुकी है किंतु मोदी सहित सभी बड़े नेता धामी को ही इस पद पर बने रहने देना चाहते थे क्योंकि उनके नेतृत्व में ही भाजपा ने चुनाव लड़ा था और उन्होंने शानदार विजय भी दिलाई। 

आज सुबह सभी विधायकों को शपथ दिलाई गई उसके बाद दोपहर को डेढ़ बजे भाजपा के पर्यवेक्षक के तौर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी देहरादून पहुंचे उनके स्वागत के लिए धामी सहित प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद थे। शाम को 5.30 बजे विधायक दल की बैठक में सर्वसमिति से पुष्कर सिंह धामी को नेता चुन लिया गया इसके तुरंत बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक नवनियुक्त विधानमंडल दल के नेता के साथ राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनी) से भेंट कर उन्हें अवगत कराया की पुष्कर सिंह धामी को विधानमंडल दल ने अपना नेता चुन लिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने धामी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का अनुरोध पत्र उन्हें सौंपा।  इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी  लेखी, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंख, प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत, नवनिर्वाचित विधायक सतपाल महाराज, प्रेम चंद अग्रवाल, रेखा आर्य, अरविंद पांडे आदि मौजूद थे। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *