देहरादून : उत्तराखंड में बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर आने से लोगों की जान पर बन आई है। कल देर रात टिहरी जिले में भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। यहां दो व्यक्तियों की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति के गदेरे में बहने की सूचना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि नौताड़ तोक में बादल फटने से एक होटल के बहने से होटल स्वामी भानु प्रसाद (50), उनकी पत्नी नीलम देवी (45) व पुत्र विपिन (28) लापता थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान भानु और उनकी पत्नी नीलम का शव घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर बरामद कर लिया है। वहीं बहने से लापता हुआ युवक घायल अवस्था में मिला है। बताया जा रहा है कि बादल फटने से आए मलबे में कई पशु भी दब गए हैं।
वहीं घनसाली -तिलवाड़ा मोटर मार्ग पर मुयाल गांव गदेरे के उफान पर आने से मोटर पुल बह गया है। जानकारी के अनुसार देर शाम से भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। रात करीब 9 बजे मुयाल गांव का गदेरा उफान पर आने से किमी आठ के समीप बना मोटर पुल बह गया है। प्रशासन ने अपनी टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया है।
