कर्णप्रयाग : उत्तराखंड के जनपद चमोली में गोपेश्वर-पोखरी रोड पर देवखाल के पास एक कार के खाई में गिरने से दिवाली मनाने गांव आए एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत विशाल के पाव गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने ससुराल देवखाल आए थे। बृहस्पतिवार को वह अपने गांव विशाल लौट रहे थे। घर से 100 मीटर दूर जाते ही उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नीचे भदूड़ा गांव की लिंक रोड पर अटक गई। फिर नीचे की सड़क पर गिरते ही कार में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में देहरादून निवासी अरविंद त्रिपाठी (55) और पत्नी अनीता त्रिपाठी (51) कार से छिटक गए। जबकि उनका बड़ा बेटा अंबुज त्रिपाठी (24) और छोटा बेटा अनंत त्रिपाठी (21) कार के साथ नीचे सड़क जा गिरे। अंबुज कार से बाहर निकलने में सफल रहा जबकि अनंत कार से नहीं निकल सका और उसकी जलकर मौत हो गई। अरविंद त्रिपाठी यूजेवीएनएल में ईई के पद पर तैनात थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में उनकी पत्नी घायल हो गईं थी।
हादसे की सूचना पर देवखाल के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अंबुज और अनीता को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर चमोली और पोखरी थाने से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। जिला अस्पताल के डॉ. दीपक नेगी ने बताया कि अनीता ने रात साढ़े आठ बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, आंशिक रूप से झुलसे अंबुज का इलाज चल रहा है।
चमोली कोतवाली के निरीक्षक अनुरोध व्यास ने बताया कि हादसे में दंपती और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा जिला अस्पताल में भर्ती है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।