लंगासू गांव चमोली गढ़वाल


कर्णप्रयाग :  बद्रीनाथ राष्ट्रिय राजमार्ग पर स्थित लंगासू कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एलोपैथिक अस्पताल) खोलने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि पूर्व की कवायद भूमि निरीक्षण से आगे नहीं बढ़ पाई है। यहां अस्पताल खुलने से दशोली और नागपुर पट्टियों के असंख्य गांवों को लाभ मिल सकता है।

बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर नंदप्रयाग और कर्णप्रयाग के बीच लंगासू गांव स्थित है। चारधाम यात्रा मार्ग पर होने के कारण यहां अच्छा खासा बाजार और इंटर  कॉलेज होने से जिलासू तहसील के अंतर्गत सरणा, ऐरास, सेम, गिरसा, आली, उत्तरों सहित दशोली के दर्जनों गावं इससे जुड़ते हैं। इन सभी गांवों के ग्रामीण लंबे समय से यहां अस्पताल खोले जाने की मांग कर रहे हैं। इनकी मांग को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान भी लिया लेकिन उनकी कवायद केवल भूमि निरक्षण तक ही रह गई। 

क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता टीका प्रसाद मैखुरी, लंगासू के पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी, कोषाध्यक्ष ताजवर सिंह नेगी आदि का कहना है कि लंगासू पचास से अधिक गांवों का केंद्र बिंदु है। साथ ही चारधाम यात्रा के तहत यहां यात्रियों का आवागमन रहता है। 5 साल पूर्व यहां अस्पताल खोलने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उत्तरों ग्राम पंचायत में जमीन का निरीक्षण किया गया था लेकिन भूमि निरीक्षण के बाद यह कवायद धरातल पर अभी तक नहीं उतर पाई है। 

वहीं चमोली के सीएमओ डाॅ. राजीव शर्मा का कहना है कि लंगासू में अस्पताल के लिए पूर्व में भूमि निरीक्षण किया गया था। लंगासू में अस्पताल की जरूरत को देखते हुए इसका प्रस्ताव दोबारा शासन को भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *