उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नॉएडा




ग्रेटर नोएडा:
उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा ग्रेटर नोएडा के धर्म पब्लिक स्कूल प्रांगण में शनिवार 2 दिसम्बर व  रविवार 3 दिसंबर 2023 को अपनी स्थापना के 15 वर्ष पूर्ण होने पर दो दिवसीय भव्य उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। 

समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने बताया कि संस्था पहाड़ की लोक संस्कृति से प्रवासी उत्तराखंडी युवा पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से विगत कई वर्षों से हर साल नवम्बर-दिसम्बर के महीने में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करती आ रही है। चूँकि इस वर्ष संस्था ने अपनी स्थापना के 15 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। इसी उपलक्ष्य में इस बार यह कार्यक्रम एक दिन के बजाय दो दिन का किया जा रहा है। 2 दिसंबर को संस्था के सदस्यों (महिलाओं एवं बच्चों) द्वारा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी। इस दौरान ग्रेटर नोएडा के विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे उत्तराखंड मूल के मेधावी छात्र-छात्राओं, शहर के समाज सेवीयों को समिति द्वारा सम्मानित किया जायेगा। उसके बाद शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक उत्तराखंड के लोक कलाकारों द्वारा एक दिन की रामलीला (सीता स्वयंबर) का मंचन किया जायेगा। इस अवसर पर संस्था की वार्षिक पुस्तिका “देवभूमि स्मारिका–भाग 10” का भी विमोचन किया जायेगा। 


वहीं 3 दिसंबर 2023 को दोपहर 2 बजे से रामगंगा सांस्कृतिक कला केंद्र के लोक कलाकारों द्वारा लोकगायक गोपाल मठपाल के निर्देशन में नॉन स्टॉप उत्तराखंडी लोक गीतों एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियां पेश की जायेंगी।

इस बार कार्यक्रम में लोक गायिका हेमा नेगी करासी, ख़ुशी जोशी, लोकगायक गोपाल मठपाल, दर्शन फर्स्वाण, इंदर आर्या, हास्य कलाकार पन्नू गुसाईं, लीला बिष्ट, प्रीति मठपाल आदि उत्तराखंड के लोक कलाकार अपने लोक गीत संगीत के माध्यम से ग्रेटर नोएडा में पहाड़ की संस्कृति के छटा बिखेरेंगे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार पन्नू गुसाईं, उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नोएडा के उपाध्यक्ष डीएस नेगी एवं त्रिलोक पंवार द्वारा संयुक्त रूप से किया जायेगा।

कार्यक्रम में संगीतकार मोतीशाह होंगे। कार्यक्रम के दौरान भगवत मनराल के नृत्य निर्देशन में पर्वतीय लोक कला संगम के कलाकारों द्वारा पारम्परिक वेशभूषा में देवभूमि उत्तराखण्ड की सुप्रसिद्ध नन्दा देवी राजजात की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही “रामी बौराणी” और “हम छौं उत्तराखंडी” नृत्य नाटिकाएं भी प्रस्तुत की जाएँगी।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *