भीषण गर्मी से कर्णप्रयाग अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़




कर्णप्रयाग:
इन दिनों गर्मी से हर तरफ हाय तौबा मची हुई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान किये हुए है। ऐसे में गर्मी की चपेट में आने से लोगों का स्वास्थ्य ख़राब हो रहा है।  उत्तराखंड के जनपद चमोली के कर्णप्रयाग अस्पताल में भी गर्मी से बीमार हो रहे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थिति यह हो गई है कि अस्पताल की गैलरी में लोगों को बैठने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। आजकल कर्णप्रयाग में दोपहर का तापमान छह डिग्री बढ़कर करीब 35 डिग्री हो गया है। गर्मी के कारण करीब 200 मरीच पेट दर्द, उल्टी, और बुखार की शिकायत लेकर रोजाना ओपीडी में पहुंच रहे हैं। 




बता दें कि कर्णप्रयाग अस्पताल जिले का केंद्र बिंदु है। यहां उपचार के लिए आदिबद्री, नौटी, चमोला, गैरसैण, नंदानगर, पोखरी, देवाल, थराली, नारायणबगड़ क्षेत्र के लोग अधिक संख्या में पहुंचते हैं। मंगलवार को अस्पताल में भारी भीड़ देखने को मिली। मरीजों और तीमारदारों की इतनी अधिक भीड़ थी कि अस्पताल की गैलरी में पैर रखने की जगह नहीं थी। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार गर्मी में डिहाइड्रेशन के कारण पेट दर्द, डायरिया, बुखार सहित अन्य बीमारियों के रोगी पहुंच रहे हैं। वे लोगों को यह हिदायत दे रहे हैं कि गर्मी  से बचाव के लिए पानी खूब पीएं और धूप से बचें, बासी खाना न खाएं, जरूरत पड़ने पर ही धूप में निकलें।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *