उत्तराखंड के इन जिलों में संचालित होगी मोबाइल साइंस लैब





MOBILE SCIENCE LAB PROJECT :
उत्तराखंड के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के कक्षा 6 से कक्षा 10वीं तक के विद्यार्थियों को विज्ञान, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित विषयों में क्रियात्मक ज्ञान की वृद्धि के लिए सभी जिलों में लैब्स ऑन व्हील्स, यानी चलती-फिरती साइंस लैब संचालित की जाएगी। इसका आरंभ पहले चार जिलों चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी से किया जायेगा। प्रोजेक्ट के सुचारु संचालन के छह माह बाद सभी जिलों में संचालित किया जायेगा। उत्तराखंड सरकार एवं यूकॉस्ट परिषद की इस महत्वाकांक्षी मोबाइल साइंस लैब परियोजना के लिए शासन ने पांच करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है।

इस संबंध में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मंगलवार को एक बैठक में मोबाइल साइंस लैब प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने लैब्स ऑन व्हील्स नाम से चल रहे इस प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को पहले चार जिलों में छह महीने तक सफल संचालन किए जाने की योजना है। इसके बाद इस प्रोजेक्ट को सभी जनपदों में संचालित किया जाएगा। 




मुख्य सचिव रतूड़ी ने चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून एवं पौड़ी जनपदों में इस प्रोजेक्ट को संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रोजेक्ट के तहत बालिकाओं को विशेष रूप से विज्ञान की शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। 

मुख्य सचिव इस प्रोजेक्ट के तहत राज्य के दुर्गम एवं ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं हेतु साइंस फिल्मों के प्रदर्शन, टेलीस्कॉप से लाइव स्काई ऑब्जर्वेशन, विज्ञान मेलों एवं वर्कशॉप का आयोजन और शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण व कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों में व्यावहारिक प्रदर्शन, मॉडल्स, प्रदर्शनों के माध्यम से जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक और गणित पाठ्यक्रम में अनुभवात्मक कौशल विकसित करने और व्यावहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में अपर सचिव रंजना राजगुरु, महानिदेशक बंशीधर तिवारी, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत व अगस्तया फाउंडेशन के संस्थापक उपस्थित रहे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *