उत्तराखंड : बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के लिए उठी वैकल्पिक मार्ग की मांग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोपेश्वर : बद्रीनाथ-केदारनाथ राष्ट्रीय राज मार्ग अधिकांश रूप से जगह जगह बाधित होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है जिसे देखते हुए वैकल्पिक मार्ग की मांग काफी समय से उठाई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्णमणि थपलियाल ने राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात कर गोपेश्वर से मारवाड़ी तक प्रस्तावित मोटर मार्ग को बद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। इस संबंध में उनके द्वारा सांसद को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कृष्णमणि थपलियाल ने बताया कि गोपेश्वर, कुंजों मैकोट, मठ, बेमरू, स्यूण, डुमक, कलगोठ, उर्गम, देवग्राम, भरकी भेंटा, अरोसी, थेंग, चांई होते हुए मारवाड़ी तक अधिकांश सड़क मार्ग पहले से निर्मित है। केवल स्यूण से डुमक-कलगोठ तक लगभग सात से आठ किलोमीटर तथा अरोसी से थेंग तक करीब छह से सात किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य शेष है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग को विकसित करने से ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 बाधित होने की स्थिति में यात्रा संचालन सुचारू रखा जा सकेगा। साथ ही सड़क से जुड़े गांवों के विकास को भी नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इस दौरान राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट ने मार्ग का शीघ्र सर्वे कराकर इसे बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया। थपलियाल ने बताया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से भी मुलाकात कर सड़क मार्ग के विस्तारीकरण की मांग रखेंगे।
