चारधाम यात्रा 2026 : उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। चारों धामों में श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि व्यवस्थाएं दुरुस्त होने से यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। शनिवार को रिकॉर्ड 96 हजार 116 तीर्थयात्रियों ने चारधाम के दर्शन किए। अब तक दर्शनार्थियों का कुल आंकड़ा 20 लाख 76 हजार को पार कर चुका है,,जबकि केवल केदारनाथ में ही 08 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने पर प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उच्च हिमालयी क्षेत्र की यात्रा होने के कारण आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार के कुशल यात्रा प्रबंधन के चलते चारधाम यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को हुई थी जो 35 दिनों में ही 20 लाख के पार पहुंच चुकी है। अब तक श्री केदारनाथ धाम में 8,11,923, श्री बदरीनाथ धाम में 5,56,437, श्री गंगोत्री धाम में 3,52,162 और श्री यमुनोत्री धाम में 3,56,031 तीर्थयात्री दर्शनार्थ पहुंच चुके हैं।

वहीं शनिवार को एक दिन में ही चारों धामों में 96 हजार 116 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्री बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 32,219 तीर्थयात्री पहुंचे, जबकि श्री केदारनाथ धाम में 29,787, श्री यमुनोत्री धाम में 16,213 और श्री गंगोत्री धाम में 17,897 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *