उत्तराखंड : धामी सरकार के 12 अहम फैसले उपनल कर्मचारियों को मिली राहत उत्तराखंड पूर्ण साक्षरता राज्य घोषित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में वृहस्पतिवार को उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई ।
बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और प्रसिद्ध शूटर व पद्मश्री अवॉर्डी जसपाल राणा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर हुई। इसके बाद कई विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कैबिनेट का सबसे अहम फैसला उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत देना रहा। उपनल कर्मचारियों की समान कार्य-समान वेतन के लाभ के लिए निर्धारित कटऑफ तिथि को 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दिया गया है। इस फैसले से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है। लंबे समय से कर्मचारी संगठन इस संबंध में मांग उठा रहे थे। इसके साथ ही उत्तराखंड को पूर्ण साक्षरता राज्य घोषित किया गया।
इन प्रस्तावों को मिली मजूरी
- समान कार्य-समान वेतन के लिए कटऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 की गई, जिससे अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
- राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित करने का फैसला। सरकार के अनुसार प्रदेश की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक है।
- उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी, संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम और परीक्षा व्यवस्था में संशोधन होंगे।
- होलोग्राम के दोहराव की स्थिति में दोहरा कर नहीं लगेगा, केवल एक बार टैक्स लिया जाएगा।
- सगंध एवं हर्बल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सेलाकुई स्थित सगंध केंद्र में मिलावट जांच की सुविधा विकसित होगी। इसके लिए पांच पद स्वीकृत किए गए।
- अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन को मंजूरी। आयोजन की जिम्मेदारी मद्रास की संस्था को दी जाएगी, जिसमें 50 अंतरराष्ट्रीय कारों के शामिल होने की संभावना है।
- उत्तराखंड कारागार नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
- कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को मंजूरी।
- अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक और पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2024 में प्रमाण पत्र देरी से बनने वाले राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को दस्तावेज सत्यापन में एक बार राहत मिलेगी।
- यात्रा में संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए सरकार 5 प्रतिशत बीमा दर के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराएगी।
- एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गौवंश आधारित पायलट परियोजना को मंजूरी दी गई।
- मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण बढ़ी बिटुमेन की कीमतों पर नियंत्रण के लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।
दिवंगत आत्माओं को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के प्रारंभ में मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों ने दोनों दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश के विकास, सुशासन एवं जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, श्री जसपाल राणा ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा से देश एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

