उत्तराखंड की बेटी प्रेमा रावत का टीम इंडिया में हुआ चयनउत्तराखंड की बेटी प्रेमा रावत का टीम इंडिया में हुआ चयन उत्तराखंड में खुशी की लहर

उत्तराखंड की बेटी प्रेमा रावत का टीम इंडिया में हुआ चयन उत्तराखंड में खुशी की लहर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

देहरादून : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सुमटी गांव की रहने वाली प्रतिभावान क्रिकेटर 24 वर्षीय प्रेमा रावत का चयन भारतीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है। उन्हें चोटिल स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज प्रेमा का यह चयन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

प्रेमा का भारतीय टीम में चयन से पूरा उत्तराखंड गौरवान्वित है। उनके चयन से उत्तराखंड खेल जगत, क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाडियों में ख़ुशी की लहर है। पहाड़ के सीमित संसाधनों से निकलकर आए युवाओं के लिए प्रेमा बड़ी प्रेरणा है।

शुरूआती दिनों में रही हॉकी खिलाडी

12 नवंबर 2001 को जन्मी प्रेमा रावत का खेल सफर बहुत ही प्रेरणादायक रहा है। बहुत कम लोग इस बात को जानते हैं उन्होंने अपने खेल कैरियर की शुरुआत क्रिकेट से न करके हॉकी से की थी। शुरूआती दिनों में उन्होंने एक समर्पित हॉकी खिलाडी के तौर पर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी थी।

भाइयों के साथ खेलकर सीखा क्रिकेट

प्रेमा ने कक्षा दो तक की शिक्षा गांव के प्राथमिक स्कूल से हासिल की थी। इसके बाद उनका परिवार बरेली बस गया। भाइयों के साथ गली-मोहल्ले में क्रिकेट का ककहरा सीखने के बाद प्रेमा ने बड़े मैदानों में अपने खेल को निखारा। उत्तराखंड की अंडर-19, अंडर-23, रणजी टीम और डब्ल्यूपीएल में अपनी छाप छोड़ने के बाद अब प्रेमा राष्ट्रीय टीम में शामिल होकर विश्व कप में फिरकी का दम दिखाने को तैयार हैं। प्रेमा के पिता केदार सिंह रावत एयरफोर्स में कार्यरत हैं। इन दिनों वह असम में पोस्टेड हैं। उनकी मां बसंती देवी गृहिणी हैं। बड़े भाई हिमांशु रावत बेंगलुरु में नौकरी करते हैं जबकि छोटे भाई विमल पढ़ाई कर रहे हैं।

घरलू क्रिकेट में दिखाया दमदार प्रदर्शन

प्रेमा ने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहद प्रभावशली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस लेग स्पिनर और आक्रामक बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में और एशिया कप राइजिंग स्टार्स (ACC Women’s Asia Cup Rising Stars) में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था।

घरेलू क्रिकेट में उन्होंने सीनियर महिला टी-20 प्रतियोगिताओं में लगातार विकेट चटकाकर अपने प्रतिभा का लोहा मनवाया। वह वर्ष 2023 के सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट में 10 मैचों में सर्वाधिक 16 विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल रही।

हाल में रही चर्चित युवा खिलाडी

हाल के वर्षों में प्रेमा रावत महिला क्रिकेट की सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में रही हैं। महिला प्रीमियर लीग में भी उन्हें पहचान मिली और वह रायल चेलेंजर बंगलुरु से जुड़ी रहीं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भारत-ए टीम में भी अवसर मिला, जहां उन्होंने प्रभावशाली गेंदबाजी की।

बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष माहिम वर्मा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड (सीएयू) की सचिव किरण रौतेला वर्मा और सीएयू अध्यक्ष दीपक महरा ने बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। सभी ने विश्वास जताया कि प्रेमा विश्वकप में अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम को मजबूती प्रदान करेंगी और देश के साथ साथ उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।