दुःखद खबर : देहरादून के पटेलनगर में भीषण सड़क हादसा तेज रफ़्तार सिटी बस की टक्कर से छह से अधिक लोग घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : पटेलनगर के लालपुर क्षेत्र में मंगलवार 23 जून 2026 को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहाँ उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस चालक को दौरा पड़ा था। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय निवासी बने मददगार
जानकारी के मुताबिक, पटेलनगर के लालपुर क्षेत्र में सिटी बस बेहद अनियंत्रित और तेज गति से जा रही थी, जिसने अचानक राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। इस दर्दनाक हादसे को देखकर घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छह से अधिक लोग घायल हो गए लेकिन मौके पर एंबुलेंस के नहीं पहुँचने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कुछ वाहन चालक तैयार नहीं हो रहे थे, जिसके बाद पुलिस को राह चलते वाहनों को जबरन रुकवाकर घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजना पड़ा।
कुछ घायलों की हालत नाजुक
अस्पताल में डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं । घायलों में कुछ की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस कर रही है हादसों के कारणों की जांच
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली अनियंत्रित सिटी बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए बस ड्राइवर पर लापरवाही को लेकर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

