कर्णप्रयाग नैनीसैण मोटर मार्ग पर पीपलसेरा के पास भूस्खलन और पहाड़ी का मलबाकर्णप्रयाग नैनीसैण मोटर मार्ग पर पीपलसेरा के पास भूस्खलन और पहाड़ी का मलबा

चमोली खबर : कर्णप्रयाग-नैनीसैण मोटर मार्ग भारी मलबे से बंद, पीपलसेरा के पास पहाड़ी टूटी, 30 से अधिक गांवों का संपर्क कटा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कर्णप्रयाग : पीपलीसेरा के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटने के कारण कर्णप्रयाग-नैनीसैण मोटर मार्ग पिछले 24 घंटे से अधिक समय से पूरी तरह बंद है। पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डरों के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप है।

मार्ग बंद होने की वजह से कपीरी पट्टी के 30 से अधिक गांवों के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र के लोगों को अब जिला मुख्यालय और अन्य जरूरी कामों के लिए डिम्मर-सिमली मोटर मार्ग से होकर लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है।

लोनिवि की मशीनें मौके पर तैनात, शाम तक खुल सकता है रास्ता


घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मौके पर जेसीबी और अन्य भारी मशीनें तैनात की गई हैं। लोनिवि कर्मियों द्वारा सड़क पर जमा मलबे को हटाने और विशाल चट्टानों को तोड़ने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। लोनिवि अधिकारियों के अनुसार, यदि मौसम साफ रहा तो आज शाम तक मार्ग को यातायात के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा।

जिले के मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58): बारिश के बावजूद बद्रीनाथ हाईवे पर फिलहाल चारधाम यात्रा निर्बाध रूप से जारी है। हालांकि, फरासू स्लाइड जोन, नंदप्रयाग और पातालगंगा लांगसी टनल के पास रुक-रुक कर मलबा आने से यातायात थोड़ी देर के लिए प्रभावित हो रहा है, जिसे सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें लगातार साफ कर रही हैं।
वहीं ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पर नारायणबगड़ के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने के कारण यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।

जिले को जोड़ने वाले अन्य मुख्य मोटर मार्ग

नंदप्रयाग-नंदनगर मोटर मार्ग: मंगरोली के पास पहाड़ी से विशाल चट्टानें गिरने के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप है।
पोखरी-गोपीनाथ (गोपेश्वर) मार्ग: विशाल तिराहे से ठीक पहले एक बड़े भूस्खलन के कारण यह मार्ग आवागमन के लिए बंद है।
कुनारबैंड-घेस-बलाण मार्ग: जनगौल में हुए भारी भूस्खलन की वजह से यह मार्ग पिछले कई दिनों से बाधित है, जिससे चार ग्राम पंचायतों की बड़ी आबादी प्रभावित है।
खैनुरी गांव (दशोली ब्लॉक) संपर्क मार्ग: आपदा के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त है।