तीरथ सिंह रावत को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर जयेंद्र नेगी ने जताया हर्ष, कहा-यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नई दिल्ली : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर, दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति (रामपार्क विस्तार, लोनी, गाजियाबाद) के अध्यक्ष श्री जयेंद्र नेगी एवं उनकी कार्यकारिणी के सदस्यों ने आत्मीय भेंट की। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने श्री रावत को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया और भाजपा में नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान समिति के अध्यक्ष जयेंद्र नेगी ने कहा कि श्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री रावत के व्यापक राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को एक नई मजबूती मिलेगी।
इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकभाषा, सामाजिक एकजुटता एवं संगठनात्मक गतिविधियों सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा हुई। इसी अवसर पर समिति की ओर से श्री तीरथ सिंह रावत को आगामी ‘उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह–2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का सादर निमंत्रण पत्र भी प्रदान किया गया।
जयेंद्र नेगी ने श्री तीरथ सिंह रावत के सहज, सरल एवं आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए उनके सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री रावत अपनी इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करते हुए संगठन, समाज एवं राष्ट्र की सेवा में हमेशा की तरह महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस विशेष अवसर पर उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति के प्रचार एवं मीडिया प्रभारी श्री नीरज चौधरी, कार्यकारिणी सदस्य श्री अनिल चौहान तथा उत्तराखंड जन कल्याण समिति इन्द्रप्रस्थ (पंजी.) के अध्यक्ष श्री अनुज जितेन्द्र देविलियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

