गौचर : जनपद चमोली का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला इस वर्ष 14 से 20 नवंबर 2026 तक गौचर मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले को भव्य, आकर्षक एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष मेले को स्थानीय उद्यमिता, हस्तशिल्प, लोकसंस्कृति एवं औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समावेशी विकास के सशक्त मंच के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं समितियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नवाचारों के साथ दिखेगी अनूठी लोकसंस्कृति और औद्योगिक विकास
बैठक में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार संस्कृति, उद्योग और विकास के इस महाकुंभ को डिजिटल और आधुनिक रूप दिया जा रहा है। गौचर मेला का नया लोगो एवं शुभंकर तैयार किया गया है। इसके साथ ही मेला मैदान का नया लेआउट, आकर्षक मेला मंच, बेहतर लाइट एवं साउंड व्यवस्था, मिनी मेला मार्केट, सेल्फी प्वाइंट तथा स्मृति चिह्नों की व्यवस्था की जा रही है। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई वेबसाइट तैयार की गई है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मेले के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण (सायं 8:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक) भी किया जाएगा।
आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक आगंतुक को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुखद अनुभव मिले। उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक गतिविधियां विकसित करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने, वाटर एटीएम स्थापित करने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग सुनिश्चित करने को कहा। मेले के दौरान आयोजित होने वाली गोष्ठियों को स्थानीय विकास, उद्यमिता एवं जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रभावी संवाद का माध्यम बनाया जाएगा।
चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा और व्यवस्थाएं
इस वर्ष मेले में यातायात, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्य बाजार एवं पार्किंग स्थलों पर यातायात नियंत्रण, अस्थायी मेला पुलिस चौकी की स्थापना तथा पर्याप्त पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की जाएगी। गौचर मेला नशामुक्त बनाए रखने के लिए भी प्रभावी निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, अतिरिक्त वाटर टैंकर, मोबाइल शौचालय और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मेले के सफल आयोजन के लिए स्वागत, शांति व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, उद्योग एवं विकास प्रदर्शनी सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार द्वारा 74वें गौचर मेला के नए लोगो का अनावरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गौचर श्री संदीप नेगी, पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.gaucharmela.in पर प्राप्त की जा सकती है।

