उत्तराखंड : प्रदेश में सोमवार 21 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट यहां रहेंगे स्कूल बंद

देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सोमवार 21 जुलाई को भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में भारी से भारी वर्षा के साथ ही बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

बारिश के चलते नदी नालों के उफान में आने को देखते हुए जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद में संचालित सभी शासकीय, अर्द्ध शासकीय व निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 21 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे ख़राब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील व आपदा संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और जल स्रोतों के नजदीक न जाने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों में अवकाश की सूचना समय पर देने के निर्देश दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *