मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने देहरादून और रुद्रपुर में सैनिक स्कूल खोलने का लिया फैसला

देहरादून: प्रदेश में बहुत समय से लंबित पड़ी सैनिक स्कूलों की मांग अब पूरी होती दिख रही है । पुष्कर सिंह धामी सरकार गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में एक- एक सैनिक स्कूल खोलने जा रही है जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह स्कूल देहरादून और रुद्रपुर में खोले जायेंगे। राज्य के मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन प्रस्तावों को पारित किया गया। फिलहाल उत्तराखंड में केवल एक ही सैनिक स्कूल है जो कि कुमाऊं मंडल के घोड़ाखाल में स्थित है।

शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने पूरे देश में 100 सैनिक स्कूल खोलने का फैसला लिया है। इसके तहत राज्यों से इसके लिए मानक पूरे करने वाले स्कूलों के प्रस्ताव मांगे गए थे। हमारी राज्य सरकार ने उत्तराखंड में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देहरादून और इंटर कॉलेज रुद्रपुर को सैनिक स्कूलों के लिए चुना है जो सभी मानकों को पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि हम दोनों स्कूलों का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेज रहे हैं। प्रस्ताव भेजे जाने के बाद केंद्र की टीम संबंधित स्कूलों का निरीक्षण करेगी।

बता दें कि इससे पूर्व रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक में सैनिक स्कूल की मंजूरी मिली थी जिसका निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था लेकिन सैनिक कल्याण और शिक्षा विभाग के बीच तालमेल की कमी के चलते इस स्कूल के भवन निर्माण का मामला पिछले काफी समय से अधर में लटका हुआ है। उपनल एवं अन्य से 10 करोड़ रुपये मंजूर कर उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को इसका काम सौंपा गया था। यूपी निर्माण निगम की ओर से यह धनराशि बाउंड्रीवाल और रास्ता बनाने में ही खर्च कर दी गई। जिसके बाद से स्कूल के भवन निर्माण का मामला लटका हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *