Commonwealth Games 2026 : ग्लासगो में चमकी देहरादून की बेटी उन्नति शर्मा, जीता कांस्य पदक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : उत्तराखंड की बेटी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। देहरादून की रहने वाली होनहार खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों की जुडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 63 किलो भार वर्ग में स्पर्धा में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर (Skye Knoester) को हराकर भारत के लिए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता है।
शनिवार रात जैसे ही उन्नति ने मुकाबला जीता, उन्होंने तुरंत देहरादून में मौजूद अपने पिता विनेश कुमार शर्मा को फोन कर भावुक आवाज में कहा, “पापा, मैंने मेडल जीत लिया।” बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही घर में जश्न का माहौल शुरू हो गया और लोगों के बधाई संदेश आने शुरू हो गए।
रिकॉर्ड्स की क्वीन हैं उन्नति, पहले भी जीत चुकी हैं कई मेडल
उन्नति शर्मा का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वे अब तक एशियाई चैंपियनशिप में कुल 6 पदक अपने नाम कर चुकी हैं, जिसमें एक स्वर्ण (Gold), दो रजत (Silver) और तीन कांस्य (Bronze) पदक शामिल हैं। इससे पहले वर्ष 2013-14 में मणिपुर में आयोजित सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में उन्होंने अपना पहला स्वर्ण पदक जीता था।उनकी इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और बेहतरीन ट्रेनिंग है। स्कॉटलैंड रवाना होने से पहले उन्नति ने ‘इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ कर्नाटका’ में कोच जीवन से विशेष प्रशिक्षण लिया था। वहीं उनके स्थानीय कोच सतीश शर्मा बताते हैं कि उन्नति की लगन और धैर्य ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुँचाया है, जिसका इनाम उन्हें मिला है।
भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं उन्नति, 4 अगस्त को लौटेंगी घर
उन्नति देहरादून की डिफेंस कॉलोनी की रहने वाली हैं। पिता विनेश कुमार शर्मा बताते हैं कि तीन भाई-बहनों में उन्नति सबसे छोटी हैं। उनकी बड़ी बहन रिया शर्मा और भाई अंकुर शर्मा हैं, जबकि माता ममता शर्मा एक गृहणी हैं। रविवार सुबह से ही उनके आवास पर खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्नति 4 अगस्त को देहरादून लौटेंगी, जिसके लिए भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

