उत्तराखंड के तीनों सांसदों ने गढ़वाल हीरोज को दिल्ली सॉकर चैंपियन बनने पर दी बधाईउत्तराखंड के तीनों सांसदों का बड़ा एलान: 'गढ़वाल हीरोज़' फुटबाल क्लब को देंगे हर संभव मदद, निखरेंगी राज्य की खेल प्रतिभाएं

उत्तराखंड के तीनों सांसदों का बड़ा एलान: ‘गढ़वाल हीरोज़’ फुटबाल क्लब को देंगे हर संभव मदद, निखरेंगी राज्य की खेल प्रतिभाएं

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नई दिल्ली : दिल्ली सॉकर चैंपियनशिप में एक बार फिर उत्तराखंड की खेल प्रतिभा का डंका बजा है। सीमित संसाधनों और धन की कमी के बावजूद गढ़वाल हीरोज़ फुटबॉल क्लब (GHFC) ने इतिहास रचते हुए छठी बार प्रतिष्ठित दिल्ली सॉकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही क्लब ने पिछले महीने पौड़ी में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में उपविजेता (Runner-up) का कप भी जीता है।

इस शानदार दोहरी सफलता पर उत्तराखंड के तीन प्रमुख सांसदों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए क्लब को हरसंभव मदद देने का बड़ा आश्वासन दिया है।

मुख्य संरक्षक बने सांसद अनिल बलूनी, साझा किए संघर्ष के दिन

पौड़ी गढ़वाल के सांसद और सत्ताधारी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर क्लब के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अनिल बलूनी को गढ़वाल हीरोज़ का मुख्य संरक्षक भी बनाया गया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बलूनी भावुक हो गए। उन्होंने अपने बचपन के संघर्षों को याद करते हुए कहा, “जब मैं काफी छोटा था, तब दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में मेरे पिता का निधन हो गया था। उस कठिन समय में मुझे बहुत संघर्ष करना पड़ा।

उन्होंने आगे कहा, “उन दिनों मैं गढ़वाल हीरोज़ के बारे में सुनता था कि यह क्लब मोहन बागान जैसी देश की सबसे प्रतिष्ठित टीमों के साथ खेलता है। मैंने खुद उनका मैच देखा था। मुझे गर्व है कि 1953 में स्वर्गीय केसर सिंह नेगी द्वारा स्थापित यह क्लब आज सफलता के कई सोपान तय कर चुका है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि तीनों सांसद मिलकर उत्तराखंड के गरीब और योग्य फुटबॉल खिलाड़ियों को क्लब के माध्यम से विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिलाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने थपथपाई पीठ

हरिद्वार के सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी खिलाड़ियों और उनके मददगारों को दिल से बधाई दी। उन्होंने घोषणा की, “मैं लगातार गढ़वाल हीरोज़ की प्रगति देख रहा हूँ। बहुत जल्द मैं अपने आवास पर पूरी टीम के लिए रात्रिभोज (Dinner) का आयोजन करूँगा।” उन्होंने पंजाब, चंडीगढ़ और जालंधर में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों की एकता की सराहना करते हुए कहा कि वे खेल और सामाजिक क्षेत्र में हमारे समुदाय का नाम रोशन कर रहे हैं।

वहीं, टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने क्लब की बालिका टीम की उत्कृष्ट उपलब्धियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वे भी जल्द ही अपने आवास पर खिलाड़ियों के सम्मान में एक पार्टी का आयोजन करेंगी।

दिग्गज खिलाड़ियों, कोचों और पत्रकारों का हुआ सम्मान

भारत भूषण नौटियाल द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में सांसदों ने क्लब के पदाधिकारियों, पूर्व खिलाड़ियों और सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से शामिल थे।


पदाधिकारी: भगवान सिंह नेगी (अध्यक्ष), अनिल नेगी (महासचिव), मगन सिंह पटवाल (उपाध्यक्ष)।


खिलाड़ी व कोच: रविंद्र राणा (कोच), विकास रावत (कोच), त्रिलोक बिष्ट (पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी)।


पूर्व खिलाड़ी व सहयोगी: रतन रावत, श्रीकृत रावत, सुधीर रावत, विजय राम ध्यानी, रघुबीर बिष्ट, शौर सिंह नेगी, सुखपाल नेगी, हरेंद्र बिष्ट (बल्ली), किशोर तैड, सुनील पटवाल, शशि भूषण खंडूरी, सुखपाल बिष्ट (कनाडा), आनंद नेगी, सुनील नेगी, के.एस. पांडे और जगदीश कुकरेती।


मीडिया जगत: वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेंद्र सजवाण और ‘आज तक’ के पत्रकार मंजीत नेगी।

इस गरिमामयी समारोह ने यह साबित कर दिया है कि भले ही संसाधन सीमित हों, लेकिन यदि हौसले मजबूत हों तो गढ़वाल हीरोज़ की तरह राष्ट्रीय पटल पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।