Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जनपद चंपावत में शादी समारोह से लौट रहा मैक्स वाहन
दुर्घटनाग्रस्त 14 लोगों के मरने की खबर
हल्द्वानी : उत्तराखंड में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोगों को डर के साये में आवागमन करना पड़ रहा है। कल देर रात टनकपुर-चम्पावत हाइवे से लगती सूखीढांग-डाँडामिनार रोड पर बारातियों को ले जा रही एक मैक्स दुर्घटना ग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना बूडम से लगभग तीन किलोमीटर आगे की बताई जा रही है। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोगों के मरने की आशंका है और कई घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या UK 4 TA-4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह के शादी समारोह में शामिल होकर वापिस घर लौट रहे थे। आधिकारिक सूचना के अनुसार लौटते वक्त रात करीब 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सवार सभी लोग लक्ष्मण सिंह के सगे-संबंधी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को खाई से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि मैक्स में सवार 16 लोगों में से 14 लोगों की मृत्यु हो गई है और 2 गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। इनमें से मैक्स चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। सभी मृतक कनकई के डांडा और कठौती गांव के हैं। पुलिस ने बताया की जांच चल रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अब तक की जांच से ये बात सामने आई है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है।
एक और अमंगल खबर गढ़वाल में कोटद्वार से आ रही है जहां शिक्षकों को ले जा रहा वाहन दुगड्डा के पास फतेहपुर बैंड में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार 3 शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हे बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं हरिद्वार जनपद में भी अलग-अलग हादसों में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई है।
