नव वर्ष के आगमन पर शिप्रा सन सिटी इंदिरापुरम में हुआ गढ़वाली कुमाऊनी कवि सम्मेलन का आयोजन

दिल्ली: शिप्रा सन सिटी (रॉयल टावर), इंदिरापुरम में आज नव वर्ष 2022 के आगमन पर एक गढ़वाली-कुमाउनी कवि सम्मेलन का शानदार आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन के उपरांत काव्य पाठ का शुभारंभ गढ़वाली भाषा के प्रसिद्ध कवि कुंज बिहारी मुंडेपी के मांगल गीत एवं हिंदी तथा गढ़वाली भाषा के जाने-माने कवि पृथ्वी सिंह केदारखंडी की सरस्वती वंदना से हुआ। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस अवसर पर आमंत्रित कवियों सर्वश्री बृजमोहन वेदवाल शर्मा, ओमप्रकाश आर्य, रामेश्वरी नादान, वीरेन्द्र जुयाल उप्रि, कुंज बिहारी मुंडेपी कलजुगी, पृथ्वी सिंह केदारखंडी तथा बी पी जुयाल गढ़देशी ने अपनी उम्दा रचनाओं से अपराह्न करीब पौने तीन बजे से सायं सवा पाँच बजे तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर बांधे रखा। कवि सम्मेलन के पहले दौर का संचालन कुंज बिहारी मुंडेपी कलजुगी तथा दूसरे दौर का संचालन डॉ पृथ्वी सिंह केदारखंडी ने किया। 

इस सुंदर कवि सम्मेलन के संयोजकों में मृणाल पांडे, गुंजन तिवारी, त्रिलोक सिंह बाणी, कनक पांडे, चन्द्र सिंह रावत “स्वतंत्र”, डॉ. के एन कंडवाल तथा डॉ. एस सी जोशी प्रमुख थे। 

कोविड-19 के नियमों का अनुपालन करते हुए सिप्रा सिटी में रह रहे आयोजकों द्वारा बहुत ही सुंदर व्यवस्था की गई। आमंत्रित सभी कवियों ने आयोजकों द्वारा प्रदत्त मान-सम्मान के साथ सभी श्रोताओं की ओर से मिले भरपूर प्यार के लिए रॉयल टावर के समस्त व्यवस्थापकों का दिल की गहराई से आभार प्रकट किया।