(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
नई दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर समान नागरिक संहिता समेत कई मुद्दों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री को बाबा नीम करौली का चित्र व उत्तराखंड के बासमती चावल भेंट किए ।
बता दें कि अपने दिल्ली दौरे के दौरान सीएम धामी ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की थी। उनकी इस मुलाकात को उत्तराखंड में मंत्रियों के विभागों में परिवर्तन व विस्तार की अटकलें भी लगाई जा रही है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से दिसम्बर 2023 के द्वितीय सप्ताह में देहरादून में “वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023” आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को बतौर मुख्य अतिथि आमन्त्रित किया है ।
इन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
किच्छा खटीमा रेलवे स्टेशन की लागत केंद्र से वहन करने का अनुरोध
सीएम ने केंद्र से किच्छा-खटीमा रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट की अनुमानित 1546 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर के अंतर्गत केंद्र सरकार के अंश लगभग 410 करोड़ को जल्द अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया।
जोशीमठ भू-धसांव से प्रभावितों के लिए धनराशि अवमुक्त करने का अनुरोध किया।
जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की वित्तीय स्वीकृति आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी से दिलाए जाने का आग्रह किया।
देहरादून के मुख्य रेलवे स्टेशन को हर्रावाला शिफ्ट करने की स्वीकृति देने एवं ऋषिकेश के अन्तर्गत पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि राज्य सरकार को हस्तान्तरित किये जाने का प्रस्ताव को स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया।
हरिद्वार में भारत सरकार के पीएसयू भेल के उपयोग में नहीं आ रही 457 एकड़ भूमि को राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने पूंजीगत निवेश हेतु राज्यों को विशेष सहायता के लिए वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य के पूंजीगत व्यय को 30 सितम्बर ( 6 माह की अवधि) तक 45 प्रतिशत अनिवार्य रूप से व्यय करने की शर्त में शिथिलता प्रदान करने का भी अनुरोध किया।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});