डीएम कार्यालय हरिद्वार




हरिद्वार में एक कर्मचारी ने अपने कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे वहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट भवन में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत एक कर्मचारी ने कार्यालय में ही संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ही बताया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच में जुटी है। 

पुलिस के अनुसार, कमल कुमार (28 वर्ष) पुत्र परागीलाल निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल के अंतर्गत रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट भवन में आरटीआई अनुभाग में कनिष्ठ सहायक (सूचना सहायक) के पद पर तैनात था। मृतक आश्रित के तौर पर विभाग में भर्ती हुआ था। सोमवार को छुट्टी होने के बाद लगभग सभी कर्मचारी कार्यालय से निकल गए थे, जबकि कुछ कर्मचारी कार्यालय में ही थे। इस बीच कार्यालय के कमरा नंबर 222 में कमल ने अंदर से कुंडी बंद कर ली।




वहां मौजूद कर्मचारियों ने अनहोनी होने की आशंका के चलते दरवाजा खटखटाया। किन्तु बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से जब कोई आहट नहीं हुई तो उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम दरवाजे को तोड़कर अंदर पहुंची तो देखा कि कर्मचारी कमल पंखे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था।

सिडकुल थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कमल ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपनी मौत का खुद ही जिम्मेदार है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *