PAURI : उत्तराखंड में जंगली जानवरों का ऐसा आतंक है कि चारापत्ती लाना भी दूभर हो रखा है। आए दिन कोई न कोई अप्रिय घटना घटित होती रहती है। अब हालिया मामला ब्लॉक पाबौ से सामने आया है। यहां पर जंगल में चारापत्ती लेने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। महिला ने दिलेरी दिखाते हुए भालू से संघर्ष किया और लगातार शोर मचाया तो भालू भाग गया। इस संघर्ष में महिला बुरी तरह से लहूलुहान हो गई। वो इसी हालत में किसी तरह अपने घर पहुंची। महिला को इस हालत में देख परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ ले गए, जहां चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

जानकारी के अनुसार जनपद पौड़ी के पाबौ ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम ढिकवाली चौड़ी निवासी संतोषी देवी 37 वर्ष पत्नी मनोज नेगी रविवार सुबह गांव से करीब दो सौ मीटर दूर जंगल में चारापत्ती लेने गई थी। उसने अभी चारा काटना शुरू ही किया था कि अचानक से भालू ने उस पर हमला कर दिया। बचने के लिए महिला ने बहादुरी दिखाते हुए भालू से संघर्ष किया। इस संघर्ष में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। महिला द्वारा लगातार शोर मचाने से भालू उसे छोड़कर भाग गया। घायल महिला जैसे तैसे घर पहुंची। उसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया। 

ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रहे जंगली जानवरों के आतंक  के खिलाफ वन विभाग में शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया है।गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *