CHARDHAM YATRA 2024 : उत्तराखंड के चार धामों में तीर्थयात्रियों की बेतहाशा भीड़ के चलते यात्रा मार्गों पर जाम की स्थिति से सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई है जिसको देखते हुए प्रशासन ने हाल फिलहाल गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले वाहनों को ऋषिकेश में ही रोक दिया है। यही नहीं यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण भी बंद कर दिए हैं। इस कारण ऋषिकेश में यात्रियों का जमावड़ा लग गया है व सैकड़ों यात्री फंसे हैं।अब तक 500 बसों की बुकिंग निरस्त हो चुकी हैं। यात्रियों और परिवहन व्यवसायियों का सब्र भी अब जवाब देने लगा है।
खुले आसमान में सोने को मजबूर तीर्थयात्रियों और परिवहन व्यवसायियों ने शुक्रवार को ट्रांजिट कैंप स्थित यात्रा प्रशासन संगठन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि सरकार तथा प्रशासन की नाकामी के चलते तीर्थ यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन ने दावा किया था कि जिन यात्रियों को पंजीकरण के लिए रुकना पड़ेगा उनकी रहने और खाने की व्यवस्था प्रशासन करेगा। जबकि तीर्थयात्री स्वयं की व्यवस्था से भोजन बना रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि अब भोजन सामग्री भी समाप्त होने को है।अव्यवस्था के चलते कई यात्री वापिस अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं।
किन कैम्पों में कितनी बसें रुकी हैं
ट्रांजिट कैंप 200
भद्रकाली 150
चंबा 125
छाम 25
