उत्तराखंड में अब दो दिन 31अक्टूबर व 1 नवम्बर को रहेगा दिवाली अवकाश शासन ने किए आदेश जारी


DIWALI HOLIDAY : उत्तराखंड में दीपावली के अवकाश को लेकर असमंजस व कशमकश का मंजर देखने को मिल रहा है। 24 घण्टे के अंदर शासन को अपने आदेश में एक बार फिर फेरबदल करना पड़ा। नए आदेश के अनुसार अब एक नवंबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। एक दिन पहले ही शासन ने 31 अक्टूबर को दिवाली अवकाश घोषित करते हुए 1 नवंबर को कार्यालय खुलने का आदेश जारी किया था। जिसके बाद राज्य कर्मचारियों में सचिवालय संघ को लेकर नाराजगी दिखाई दे रही थी। इसके बाद अब सचिवालय संघ की मांग के बाद शासन ने मुख्यमंत्री के अनुमोदन से 1 नवंबर के लिए भी छुट्टी का आदेश जारी किया है।

असल में इस बार अमावस्या दो दिन रहने के कारण दीपावली के दिन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ज्योतिषीय मतानुसार 31 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को भी दीपावली का दिन होने की बात कही जा रही थी। हालांकि राज्य सरकार ने 31 अक्टूबर को सार्वजनिक छुट्टी घोषित की थी लेकिन इसी असमंजस के कारण उत्तराखंड सचिवालय संघ ने एक नवंबर को भी छुट्टी की मांग की थी। उत्तराखंड सचिवालय संघ की इस मांग पर निर्णय लेते हुए शासन ने अब 1 नवंबर की भी छुट्टी घोषित कर दी है। 

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय संघ के मांग पत्र पर छुट्टी घोषित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन से सार्वजनिक छुट्टी की तारीख घोषित की गई है। इस तरह उत्तराखंड में अब दीपावली पर 31 अक्टूबर के साथ ही 1 नवंबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *