चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नंदानगर में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान तथा बचाव एवं राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावितों परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुन हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपांणी, धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मख्मल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया और कहा आपदा की इस विकट परिस्थिति में राज्य सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए साथ ही विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी ला जनजीवन को सामान्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अब तक 12 घायल व्यक्तियों को हेलीकॉप्टर से उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। जिनमें से 01 घायल व्यक्ति को एम्स ऋषिकेश तथा 11 घायलों को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया। कुंतरी लगा फाली, सरपाणी, धुर्मा, सेरा एवं मोख में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा 15 गौशालाएं भी नष्ट हुई हैं, वहीं इन क्षेत्रों में 08 पशु मृत एवं 40 पशु लापता बताए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में विस्तृत सर्वेक्षण का कार्य गतिमान है। प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत, जिलाधिकारी सन्दीप तिवारी, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
शुक्रवार को आपदा में जान गंवाने वालों का लोगों ने नम आँखों से किया अंतिम संस्कार
शुक्रवार को फाली लगा कुंतरी क्षेत्र से मलबे से पांच शव और बरामद हुए हैं। अब तक इस आपदा में लापता हुए 10 लोगों में से एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि सात लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। धुर्मा गांव में अभी भी दो लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। बरामद किए गए सभी सात शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। आपदा में जान गंवाने वाले लोगों का शुक्रवार को नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया।