देहरादून: प्रदेश सरकार राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर इसे रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। जिसके तहत प्रदेश भर में तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल के साथ ही शुरू हो जाएगी । रजत जयंती वर्ष के चलते उत्तराखंड राज्य में इगास बग्वाल बृहद और भव्य रूप से मनाई जाएगी।
उत्तराखण्ड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद् की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने गुरुवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर बताया कि उत्तराखण्ड के लोकपर्व ईगास बग्वाल को पूरे राज्य में धूम धाम से मनाया जाएगा, जिसमें राज्य भर में होने वाले कार्यक्रमों में विभिन्न जनप्रतिनिधि भी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया 1 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में भी ईगास पर्व को धूम धाम से मनाया जाएगा।
9 नवंबर को राज्य स्थापना को 25 साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार, प्रदेश के 25वें स्थापना दिवस को रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। जिसके लिए उत्तराखंड संस्कृति विभाग ने तैयारी कर ली है।
मधु भट्ट ने बताया कि ईगास बग्वाल के पावन पर्व के साथ ही उत्तराखण्ड राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की भी शुरुवात की जाएगी। रजत जयंती पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का सांस्कृतिक मंचन देहरादून स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र में 01 से 09 नवम्बर तक किया जायेगा। जिसमें विभिन्न हिमालय राज्यों से भी लोग प्रतिभाग करेंगे।