कर्णप्रयाग : दीपावली में ज्वलनशील पदार्थों से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए, फायर ब्रिगेड के गोपेश्वर और कर्णप्रयाग की सभी यूनिटों की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। फायर यूनिटों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित सभी फायर हाइड्रेंटों का गहन निरीक्षण अभियान चलाया।
यह कार्रवाई महज़ एक औपचारिकता नहीं थी, बल्कि कोई अप्रिय घटना घटने पर आग से निपटने की तैयारी का ‘अंतिम रिहर्सल’ था। आपातकाल में हाइड्रेंट आसानी से उपलब्ध हो सकें इसके लिए फायरकर्मियों ने सुनिश्चित किया कि क्या हाइड्रेंट काम कर रहे हैं साथ ही सभी हाइड्रेंटों से पानी का प्रेशर और बहाव जांचा गया। बंद पड़े या जाम हो चुके हाइड्रेंटों को तुरंत ठीक किया गया ।
फायर अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई यह सुनिश्चित करती है कि किसी भी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड को पानी की कमी का सामना न करना पड़े और बहुमूल्य समय बर्बाद न हो। त्योहारों के दौरान आग से सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
