देहरादून : बॉलीवुड के स्टार सिंगर और उत्तराखंड की शान जुबिन नौटियाल ने देहरादून में पत्रकारों से मुलाकात कर उनके साथ रात्रि भोज में कोदे की रोटी और झंगोरे की खीर जैसे उत्तराखंडी व्यंजनों का आनंद लिया और लोगों से पहाड़ी उत्पादों को बढावा देने को कहा ।
जुबिन नौटियाल को हमेशा से ही अपने पारंपरिक खानपान से लगाव रहा है। उनके कई गीतों में लोगों को उत्तराखंडियत की झलक देखने को मिल चुकी हैं। इस अवसर पर जुबिन के पिता और भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने भी पहाड़ी व्यंजनों का आनंद लिया।उन्होने कहा कि आज के फास्टफूड के दौर में उत्तराखंडी उत्पाद सबसे पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक हैं। उन्होने लोगों से पहाड़ी उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा उपयोग में लाने की अपील की।
जुबिन नौटियाल ने पहाड़ी व्यंजनों की खूब सराहना की साथ ही जौनसार क्षेत्र से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी सांझा की। पत्रकारों के साथ रात्रि भोज में जुबिन नौटियाल ने आने वाले समय में उत्तराखंडी लोकगायकों के साथ मिलकर काम करने की बात भी दोहराई, उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वादियां जितनी सुंदर व शानदार है उतना ही शानदार यहां का संगीत भी है। जुबिन दुनिया के कई बड़े मंचों पर उत्तराखंडी संस्कृति को भी वक्त वक्त पर दिखाते रहे हैं।